AMD NEWS: कानपुर नगर। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को परेड चौराहे पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में पंजीकृत नाट्य दल ‘संस्कार’ के कलाकारों ने गीत-संगीत, ढोल-मंजीरे और प्रभावशाली संवादों के जरिए लोगों को जनगणना के महत्व से अवगत कराया। साथ ही 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कलाकार जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर आमजन के बीच पहुंचे। नुक्कड़ नाटक में ‘लल्लू’ नामक पात्र ने रोचक अंदाज में सवाल उठाया कि आखिर जनगणना से आम नागरिकों को क्या फायदा होता है? इस सवाल के जवाब में कलाकारों ने संवादों के माध्यम से जनगणना की उपयोगिता को विस्तार से समझाया।
कलाकारों ने बताया कि जनगणना के माध्यम से देश की वास्तविक जनसंख्या के साथ महिलाओं, पुरुषों, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की संख्या का सटीक आकलन किया जाता है। इससे विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों को समझने और विकास की योजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है। स्कूल, अस्पताल, सड़क, परिवहन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए भी जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण आधार बनते हैं।
नाटक के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि जनगणना में सही और संपूर्ण जानकारी देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कलाकारों ने अपील की कि निर्धारित अवधि के भीतर स्वगणना पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों ने ‘जनगणना में देंगे साथ, विकास की ओर बढ़ाएंगे हाथ’ और ‘चलो निभाएं जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक का निर्देशन मुकेश श्रीवास्तव ने किया। प्रस्तुति में अंजना, शानू, सुनीत सिंह, विनय, विकास, दीपक एवं श्याम वर्मा सहित अन्य कलाकारों ने अपनी भूमिका निभाई। गीत-संगीत और संवादों से सजी इस प्रस्तुति के जरिए आमजन को जनगणना-2027 में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

