कानपुर में 1.11 लाख बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बने, यूपी में जिला अव्वल

AMD NEWS: कानपुर नगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय (डीएचएस) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के 1,11,265 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की जानकारी दी गई। इस उपलब्धि के साथ कानपुर नगर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी पर जोर

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक गर्भवती महिला की नियमित ट्रैकिंग और स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श और उचित देखभाल की जाए। आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए और उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता समय से उपलब्ध कराने तथा प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

बच्चों के नियमित टीकाकरण के निर्देश

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए और सभी पात्र बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण कराया जाए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम और परिवार कल्याण कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

17.29 लाख से अधिक बनीं आभा आईडी

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 17,29,458 आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। जिला स्तरीय चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी मैनेजमेंट सिस्टम लागू कर दिया गया है। संबंधित चिकित्सा इकाइयों में मरीजों के ऑनलाइन ओपीडी पर्चे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछली बैठक में जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सभी चिकित्सा इकाइयों में आशा कार्यकर्ताओं के रात्रि विश्राम के लिए एक-एक कमरा अलग से आरक्षित कर दिया गया है।

टीबी मरीजों की रिपोर्टिंग में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में फार्मेसी ऐप पर पंजीकृत 91 मेडिकल स्टोरों में से 50 मेडिकल स्टोर शेड्यूल एच-1 के अंतर्गत टीबी रोधी दवाओं से संबंधित मरीजों का विवरण दर्ज कर रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने शेष मेडिकल स्टोरों से भी नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्देशों का अनुपालन न करने वाले मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध जिला औषधि निरीक्षक नियमानुसार कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी ने निजी चिकित्सालयों एवं निजी चिकित्सकों को भी टीबी मरीजों की अनिवार्य रिपोर्टिंग के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि जनपद में टीबी की वास्तविक स्थिति का आकलन कर मरीजों की समय से पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित निगरानी, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और विभागीय समन्वय के माध्यम से सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमित रस्तोगी सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *