AMD NEWS: झांसी। बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर तेजी से विकसित हो रहे हैं। अब यह क्षेत्र रोजगार की तलाश में पलायन करने वाले युवाओं के बजाय रोजगार उपलब्ध कराने वाले क्षेत्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यह बात प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा झांसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कही। वह उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेले को संबोधित कर रहे थे।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, झांसी की ओर से आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न कंपनियों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह रोजगार मेला झांसी के नौजवानों के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा। इसके माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता, अनुभव और रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी मेहनत और कौशल के बल पर आगे बढ़ना चाहिए। सफलता अवश्य कदम चूमेगी।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के आसपास डिफेंस क्षेत्र की कई इकाइयां स्थापित हो रही हैं और बड़ी-बड़ी कंपनियां निवेश के साथ रोजगार के अवसर लेकर आ रही हैं। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलने का रास्ता खुल रहा है। सरकार का प्रयास है कि बुंदेलखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों और शहरों में पलायन न करना पड़े।
मंत्री ने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित हो रहे झांसी में आने वाले समय में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध होंगे। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए अपनी योग्यता और कार्यकुशलता को लगातार बेहतर बनाना चाहिए।
3,008 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 1,673 का चयन
आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 44 कंपनियों ने अपने पंजीकरण एवं चयन स्टॉल लगाए। कार्यक्रम में कुल 3,008 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 1,673 अभ्यर्थियों का प्राथमिक स्तर पर निःशुल्क चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को प्रभारी मंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जानकारी के अनुसार, मेले में अब तक साढ़े नौ हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से बुंदेलखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं को अपने परिवार के साथ रहकर काम करने का अवसर प्राप्त होगा। इससे क्षेत्र से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, जिलाधिकारी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अशोक कुमार गुप्ता, परियोजना निदेशक राजेश कुमार और जिला सेवायोजन अधिकारी वसीम अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। रोजगार की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डॉ. आसमां खान ने किया।

