कानपुर के आजाद नगर में कल बजेगा खतरे का सायरन, 10 मिनट रहेगा ब्लैकआउट; 12 विभाग करेंगे मॉक ड्रिल

AMD NEWS: कानपुर नगर। आपातकालीन परिस्थितियों और आधुनिक युद्ध जैसी चुनौतियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए कल यानी रविवार, 22 नवंबर को कानपुर के आजाद नगर क्षेत्र में नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान शाम 6 बजे से 6 बजकर 10 मिनट तक 10 मिनट का ब्लैकआउट अभ्यास होगा। खतरे की चेतावनी देने के लिए सायरन भी बजाया जाएगा।

उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा ममता रानी ने बताया कि मॉक ड्रिल में सेना, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन सेवा समेत कुल 12 विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवक प्रतिभाग करेंगे। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया तथा बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना है।

अभ्यास के दौरान निर्धारित क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बंद रखी जाएगी। सायरन के माध्यम से आपातकालीन चेतावनी देने और उसके अनुरूप प्रतिक्रिया की प्रक्रिया का परीक्षण किया जाएगा।

ममता रानी ने आजाद नगर क्षेत्र के निवासियों से अपील की है कि कल शाम छह बजे सायरन बजने और ब्लैकआउट होने पर घबराएं नहीं। यह नागरिक सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए पूर्व निर्धारित अभ्यास है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा निर्धारित अवधि में अनावश्यक रोशनी बंद रखकर और संबंधित विभागों के निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *