झांसी पुलिस लाइन में बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित, विजेताओं को एसएसपी ने किया सम्मानित

AMD NEWS: झांसी। वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को पुलिस लाइन झांसी में 18 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वामा सारथी की स्थानीय अध्यक्षा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी श्री विकास कुमार की धर्मपत्नी श्रीमती आस्था बडालिया ने फीता काटकर किया।

खेल प्रतियोगिताओं में पुलिस परिवार के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा, कौशल एवं उत्साह का प्रदर्शन किया। इस दौरान थ्री लेग रेस, रिले रेस, स्पून रेस, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, म्यूजिकल चेयर और 50 मीटर दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं में थ्री लेग रेस के 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग में बालक वर्ग से अलख तथा बालिका वर्ग से साक्षी एवं अंजली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिले रेस में अलख ने बाजी मारी। स्पून रेस में लकी एवं पूर्वी प्रथम रहे। वहीं 400 मीटर दौड़ और लंबी कूद में श्वेता सचान ने प्रथम स्थान हासिल किया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में अक्षय एवं प्रीति तथा 50 मीटर दौड़ में लकी एवं रुद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी श्री विकास कुमार एवं वामा सारथी की स्थानीय अध्यक्षा श्रीमती आस्था बडालिया ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों में खेल भावना, शारीरिक एवं मानसिक विकास, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना रहा। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ ही आपसी समन्वय, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अरविन्द कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री सिमरन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *