AMD NEWS:कानपुर नगर। खसरा-रूबेला उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब टीकाकरण से छूटे प्रत्येक बच्चे की पहचान कर उसका टीकाकरण सुनिश्चित करेगा। इसके लिए कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही टीके से रोकी जा सकने वाली बीमारियों की निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने गुरुवार को आयोजित जनपद स्तरीय कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित खसरा-रूबेला उन्मूलन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के उद्देश्य से जेएसआई (जॉन स्नो इंडिया) के तकनीकी सहयोग से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नियमित टीकाकरण से कोई भी पात्र बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ऐसे क्षेत्रों की पहचान करे, जहां टीकाकरण का कवरेज कम है और वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाया जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि एमआर-1 और एमआर-2 की निर्धारित खुराक से छूटे बच्चों को चिह्नित कर उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाए। इसके साथ ही खसरा-रूबेला सहित टीके से रोकी जा सकने वाली बीमारियों के संदिग्ध मामलों की तत्काल सूचना देने, समयबद्ध जांच कराने और नमूना संग्रह की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।विभागीय समन्वय और नियमित समीक्षा पर जोरमुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा आपूर्ति विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, जिससे टीकाकरण अभियान का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सके। नियमित समीक्षा के माध्यम से टीकाकरण और रोग निगरानी से जुड़े निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति भी सुनिश्चित की जाए।संदिग्ध मामलों की पहचान और निगरानी की दी गई जानकारीकार्यशाला में विशेषज्ञों ने खसरा-रूबेला उन्मूलन की रणनीति, नियमित टीकाकरण की गुणवत्ता, उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान और वैक्सीन से रोकी जा सकने वाली बीमारियों की निगरानी के विभिन्न पहलुओं पर तकनीकी जानकारी दी। इस दौरान संदिग्ध मामलों की समयबद्ध रिपोर्टिंग, जांच, नमूना संग्रह और प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित करने पर विशेष चर्चा हुई। चिकित्सा अधिकारियों को इन प्रक्रियाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, डॉ. रमित रस्तोगी, डॉ. आर.पी. मिश्रा, शहरी स्वास्थ्य के नोडल अधिकारी डॉ. कैलाश चंद्र, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.पी. यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अश्वनी कुमार तथा शहरी स्वास्थ्य समन्वयक मिलिंद गौतम सहित विभिन्न चिकित्सा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।लखनऊ से आए विशेषज्ञ डॉ. आशीष मौर्य, डॉ. चेतन यादव, डॉ. विभोर कौशिक, पुनीत श्रीवास्तव एवं गौरव पंत तथा दिल्ली से आए डॉ. अनुपम वर्मा ने कार्यशाला में तकनीकी मार्गदर्शन दिया। जेएसआई की कार्यक्रम अधिकारी हुदा ज़ेहरा ने भी सहभागिता की। इसके अलावा नगर निगम, शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा आपूर्ति विभाग के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
