AMD NEWS: झांसी। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद झांसी में 22 नवंबर 2026 को ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अशोक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 22 नवंबर को शाम 6 बजे से 6 बजकर 10 मिनट तक पुलिस लाइन झांसी में ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पुलिस लाइन के आसपास के निर्धारित क्षेत्र में पूरी तरह ब्लैक आउट रखा जाएगा। इसके अंतर्गत औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, चौराहों, सड़कों, घरों और वाहनों सहित सभी स्थानों पर किसी भी प्रकार की लाइट या रोशनी जलाने पर प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित 10 मिनट की अवधि में संबंधित क्षेत्र में वाहनों के साथ-साथ आमजन का आवागमन भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अशोक कुमार गुप्ता ने पुलिस लाइन के आसपास रहने वाले नागरिकों से विशेष अपील की कि वे 22 नवंबर को शाम 6 बजे से 6:10 बजे तक अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें तथा अनावश्यक आवागमन न करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही इस मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है।
बैठक में अपर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके राय, प्रभारी चीफ वार्डन डॉ. शील कुमार कोपरा, आपदा विशेषज्ञ धीरज पाठक, दिलीप अग्रवाल, अतुल अग्रवाल किल्पन, भूपेन्द्र खत्री, संजय वर्मा, जमाल अब्दुल नासिर, अम्बिका प्रसाद श्रीवास्तव, संजय कुमार दुबे, सिया शरण राजपूत, भरतराम, बीओ होमगार्ड, प्रभारी सहायक उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा सुमित गौड़ सहित अन्य वार्डेन एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

