AMD NEWS: कानपुर नगर, 17 नवंबर 2026। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2009 बैच के वरिष्ठ अधिकारी एस. राजलिंगम ने कानपुर मंडल के नए मंडलायुक्त के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। शासन की ओर से किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह वाराणसी मंडल के मंडलायुक्त के पद पर तैनात थे। उन्होंने सोमवार देर रात कानपुर पहुंचकर कार्यभार संभाला।
मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी एस. राजलिंगम ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), तिरुचिरापल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका की सिरैक्यूज यूनिवर्सिटी के मैक्सवेल स्कूल से लोक प्रशासन के क्षेत्र में प्रशिक्षण भी हासिल किया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था।
एस. राजलिंगम का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक रहा है। उन्होंने अपने सेवाकाल की शुरुआत बांदा में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में की थी। इसके बाद देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर सेवाएं दीं। वह औरैया, सुल्तानपुर, सोनभद्र, कुशीनगर और वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन में दुग्ध विकास, वाणिज्य कर, बेसिक शिक्षा और नगर विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। अयोध्या में नगर आयुक्त के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दी हैं। वाराणसी में जिलाधिकारी रहने के बाद उन्हें मंडलायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब शासन ने उन्हें कानपुर मंडल की प्रशासनिक कमान सौंपी है।
कार्यभार संभालने के बाद कार्यालय का किया निरीक्षण
नए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को मंडलायुक्त कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का जायजा लिया और वहां संचालित कार्यों, अभिलेखों तथा प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को समझते हुए आवश्यक जानकारियां लीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता शासन की विकासपरक परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
एस. राजलिंगम के कार्यभार संभालने के साथ ही कानपुर मंडल में प्रशासनिक गतिविधियों और विकास योजनाओं को लेकर नई जिम्मेदारियां शुरू हो गई हैं। अब उनके नेतृत्व में कानपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों में विकास कार्यों, जनसमस्याओं के निस्तारण और शासन की प्राथमिकताओं के क्रियान्वयन पर विशेष नजर रहेगी।

