AMD NEWS: झाँसी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत जनपद झाँसी में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वीप मतदाता साक्षरता क्लब (ELC 2.0) के तहत राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में विधानसभा स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड एवं अपर जिलाधिकारी पल्लवी मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम संशोधन कराने, नाम निरस्त कराने तथा ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के उपयोग एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।इस दौरान विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, विधानसभा स्तरीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।जिला निर्वाचन अधिकारी ने 10 बूथों का किया निरीक्षणमतदाता जागरूकता कार्यक्रम के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दृष्टिगत 223-झाँसी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में स्थित बूथ संख्या 79 से 88 तक कुल 10 बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ संख्या 79 के बूथ लेवल अधिकारी मुकेश चंद्रा से पूर्व में घोषणा पत्र के कारण अप्रैल माह में निरस्त किए गए फॉर्म-6 के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि नवीन मतदाता पंजीकरण के लिए अब घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मामलों में संबंधित सुपरवाइजर के माध्यम से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर रोल बैक यानी पूर्व स्थिति बहाल करने की कार्रवाई कराते हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज होने जैसी त्रुटियों को अभियान चलाकर चिह्नित किया जाए। इसके बाद आवश्यक संशोधन कराकर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, सुपरवाइजर अनिल साहू सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।संदेश: 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

