AMD NEWS: झाँसी। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित विधायक खेल स्पर्धा के तहत झाँसी सदर विधानसभा क्षेत्र की दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। 16 एवं 17 नवंबर 2026 को झाँसी स्मार्ट सिटी स्टेडियम एवं राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के कुल 1650 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ पहले दिन मुख्य अतिथि झाँसी सदर विधायक रवि शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली और सद्भावना के प्रतीक गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। गुरुनानक खालसा इंटर कॉलेज, सीपरी बाजार के बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया।विधायक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना तथा आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो एवं बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया गया। इसमें सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।फुटबॉल और कबड्डी में टीमों ने हासिल किया प्रथम स्थानटीम स्पर्धाओं में सीनियर बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही। वहीं सीनियर बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में लक्ष्मी व्यायाम मंदिर इंटर कॉलेज की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।एकल स्पर्धाओं में गोलाफेंक के सब-जूनियर बालक वर्ग में राघव शर्मा, सब-जूनियर बालिका वर्ग में हीवा, जूनियर बालिका वर्ग में महक श्रीवास्तव तथा सीनियर बालिका वर्ग में वैष्णवी ने प्रथम स्थान हासिल किया। ऊंची कूद के जूनियर बालक वर्ग में सत्यम, डिस्कस थ्रो के सब-जूनियर वर्ग में हर्षित तथा भालाफेंक के सीनियर बालिका वर्ग में सोनिया और सब-जूनियर बालिका वर्ग में हीवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र, शील्ड एवं थर्मोप्लास्ट बोतल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में बेसिक शिक्षा विभाग के अनुदेशकों एवं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के व्यायाम प्रशिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन संजीव त्रिपाठी ने किया।इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह, विशाल कुशवाहा, प्रशांत सिंह जादौन, सुरेश पटेल, सर्वेश सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के अधिकारी, घनश्याम त्यागी सहित ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान उपस्थित रहे। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी शिवराम सिंह ने अतिथियों, खिलाड़ियों एवं निर्णायकों के प्रति आभार व्यक्त किया।बबीना विधानसभा क्षेत्र में 18 नवंबर से शुरू होगी खेल स्पर्धाजिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी शिवराम सिंह ने जानकारी दी कि विधायक खेल स्पर्धा के अंतर्गत बबीना विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिताओं का आयोजन 18 एवं 19 नवंबर 2026 को बीएचईएल ग्राउंड, खैलार, झाँसी में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बबीना विधानसभा क्षेत्र के सभी इच्छुक खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं।

