AMD NEWS: कानपुर नगर, 17 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत आयोजित होने वाली इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 में कानपुर नगर के युवाओं ने शानदार भागीदारी दर्ज कराई है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जनपद के कुल 3,535 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के मामले में कानपुर नगर ने पूरे प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 18 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में किया जाएगा।उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के नोडल अधिकारी हरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को 62 अलग-अलग कौशल विधाओं में अपनी तकनीकी दक्षता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न कौशल क्षेत्रों की प्रतियोगिताएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं के व्यावसायिक कौशल को प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को बेहतर मंच प्रदान करना है।प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए जनपद में तीन नोडल केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पांडुनगर, एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, जरीब चौकी तथा हिंदुस्तान लेटेक्स फैमिली प्लानिंग प्रमोशन ट्रस्ट का प्रशिक्षण केंद्र, माल रोड शामिल हैं। इन केंद्रों पर संबंधित कौशल विधाओं के अनुसार प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।नोडल अधिकारी हरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी क्षमता साबित करने और कौशल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।उन्होंने बताया कि इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य युवाओं में कौशल विकास के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी तकनीकी दक्षता को पहचान दिलाना तथा उन्हें रोजगार एवं व्यावसायिक उन्नति के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। कानपुर के 3,535 युवाओं का पंजीकरण इस दिशा में जनपद की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक प्रतिभागी मोबाइल नंबर 7991200207 एवं 7991200206 पर संपर्क कर सकते हैं।

