AMD NEWS: झाँसी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से झाँसी में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने की। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन और बाइक रैली को रवाना किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।
प्रमुख चौराहों से होकर निकली जागरूकता रैली
बाइक रैली एवं प्रचार वाहन जिलाधिकारी कार्यालय से रवाना होकर जेल चौराहा, इलाइट चौराहा होते हुए किले की तलहटी तक पहुंचे। इसके बाद वापस इलाइट चौराहा, जेल चौराहा, कचहरी चौराहा और बस स्टैंड होते हुए संभागीय परिवहन कार्यालय, झाँसी पहुंचे, जहां रैली का समापन हुआ।
रैली के माध्यम से वाहन चालकों और आम नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। इसमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, ओवरस्पीडिंग, स्टंट ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
इसके अलावा स्कूली वाहनों की फिटनेस और निर्धारित क्षमता की जांच की जाएगी। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन के मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी। वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) और रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की जांच के साथ प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी अभियान चलाया जाएगा।
ई-रिक्शा एवं अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों और संगठनों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर), क्षेत्राधिकारी यातायात, संभागीय परिवहन अधिकारी श्री अरविन्द कुमार त्रिवेदी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम श्री हेमचन्द्र सिंह गौतम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा उप महाप्रबंधक एनएचएआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके साथ ही नागरिक सुरक्षा कोर के ट्रैफिक वार्डन, झाँसी मार्ग यूनियन के पदाधिकारी, वाहन डीलर्स एवं समाजसेवियों ने भी अभियान में सहभागिता की।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में जिम्मेदार वाहन संचालन की आदत विकसित करना भी है। जागरूकता और यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

