झाँसी सदर विधानसभा में विधायक खेल स्पर्धा का शुभारंभ, 1650 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

AMD NEWS: झाँसी। युवाओं में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के तत्वावधान में जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विधायक खेल स्पर्धा (वित्तीय वर्ष 2026-27) का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में झाँसी सदर विधानसभा क्षेत्र की दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का शुभारंभ 16 नवंबर को झाँसी स्मार्ट सिटी स्टेडियम/राजकीय इंटर कॉलेज में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 16 एवं 17 नवंबर को किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर विधायक श्री रवि शर्मा ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी श्री छत्रपाल सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर विधायक रवि शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस झाँसी सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1650 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया, जिसकी मुख्य अतिथियों ने सलामी ली। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

प्रथम दिवस आयोजित टीम स्पर्धाओं में सब-जूनियर बालिका कबड्डी में आर्य कन्या इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर बालक कबड्डी, जूनियर बालक कबड्डी और सीनियर बालक कबड्डी में लक्ष्मी व्यायाम मंदिर इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही। जूनियर बालिका कबड्डी में एचएन मेमोरियल बालिका इंटर कॉलेज ने बाजी मारी।

वहीं, सीनियर बालक वॉलीबॉल में विवेक निरंजन खेल एकेडमी की टीम विजेता बनी। सब-जूनियर फुटबॉल में लक्ष्मी व्यायाम मंदिर इंटर कॉलेज तथा जूनियर फुटबॉल में बरबीरीक कैंट क्लब, झाँसी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

एकल प्रतियोगिताओं में सब-जूनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में नैन्सी राजपूत, जूनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में श्रेयांसी और सीनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में वैष्णवी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

सीनियर बालक वर्ग की 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में आदित्य पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लंबी कूद की सब-जूनियर बालिका स्पर्धा में संध्या राजपूत तथा जूनियर बालिका वर्ग में श्रेयांसी विजेता रहीं।

बैडमिंटन प्रतियोगिता के सीनियर बालिका वर्ग में आशी और सब-जूनियर बालक वर्ग में राम मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र, शील्ड, ट्रैकसूट और बोतल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में बेसिक शिक्षा विभाग के अनुदेशकों और जिला विद्यालय निरीक्षक के व्यायाम शिक्षकों ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का मंच संचालन श्री संजीव त्रिपाठी ने किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास अधिकारी श्री शिवराम सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सराहना की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी/प्रादेशिक विकास अधिकारी श्री विशाल कुशवाहा, श्री प्रशांत सिंह जादौन, श्री सुरेश पटेल, श्री सर्वेश सिंह, श्री धनश्याम त्यागी सहित पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

दो दिवसीय इस खेल आयोजन के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *