AMD NEWS: समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों की मदद के उद्देश्य से आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर, परेड, कानपुर एवं मधुराज हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मधुराज हॉस्पिटल की चेयरपर्सन डॉ. मधु लुम्बा, क्लीनिकल डायरेक्टर डॉ. आकांक्षा लुम्बा, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देव लुम्बा, कार्यक्रम समन्वयक एवं आईएमए के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. विकास मिश्रा, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. पी.एस. जुनेजा, मार्केटिंग हेड प्रशांत श्रीवास्तव, पीआरओ शशि श्रीवास्तव एवं फैसिलिटी ऑफिसर अमरेन्द्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
शिविर को सफल बनाने में मधुराज हॉस्पिटल के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हॉस्पिटल की टीम ने स्वयं आगे बढ़कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और उन्हें इसके महत्व की जानकारी दी। कर्मचारियों ने रक्तदाताओं को आमंत्रित करने से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं तक सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह, सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव, आईएमए ब्लड सेंटर की चेयरपर्सन डॉ. नंदिनी रस्तोगी, को-चेयरपर्सन डॉ. ब्रजेश शुक्ला एवं आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. एम.सी. वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के उत्साह, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना ही नहीं, बल्कि समाज में रक्तदान को लेकर व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर कर लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना भी रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का माध्यम है। चिकित्सा विज्ञान में रक्त का कोई पूर्ण कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन एवं अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है। प्रत्येक स्वस्थ और पात्र व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज और उसके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकता है।
आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर की ओर से मधुराज हॉस्पिटल के समस्त प्रबंधन, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के संयुक्त कार्यक्रम आयोजित कर रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वैच्छिक रक्तदान अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को जीवनदान दे सकता है।

