AMD NEWS: कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गोरखपुर जा रही चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए तथा बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस बुधवार को कानपुर अनवरगंज स्टेशन से गोरखपुर के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची। यहां से शाम 5:03 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई, लेकिन महज दो मिनट बाद शाम 5:05 बजे ट्रेन के चार कोच पटरी से उतर गए।
पटरी से उतरने वाले कोचों में बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 शामिल हैं। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते स्थिति को संभालने के लिए रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
यात्रियों की सुरक्षा और सहायता रेलवे की प्राथमिकता
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने प्रभावित कोचों और रेल ट्रैक को सुरक्षित करने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास शुरू किए। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बहाली का कार्य जारी रहा। रेलवे की ओर से हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच किए जाने की बात भी कही गई है।
यात्रियों और परिजनों के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद यात्रियों की जानकारी प्राप्त करने और उनके परिजनों की सहायता के लिए रेलवे प्रशासन ने विभिन्न स्टेशनों के हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
-
कानपुर सेंट्रल: 0512-2323018, 0512-2323016, 0512-2323015
-
प्रयागराज जंक्शन: 0532-2408128, 0532-2407353, 0532-2408149
-
फतेहपुर स्टेशन: 9151833006

