धनतेरस और दीपावली को लेकर झांसी पुलिस अलर्ट, प्रमुख बाजारों में अधिकारियों ने किया पैदल गश्त

AMD NEWS: झांसी। आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए झांसी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह एवं एडीएमई श्री संजय चावला ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने थाना नवाबाद एवं थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत सर्राफा बाजार, मानिक चौक, बड़ा बाजार, मेन सदर बाजार सहित प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों का भ्रमण किया। इसके अलावा इलाइट चौराहे से इलाहाबाद बैंक चौराहे तक तथा इलाइट चौराहे से स्टेशन रोड तक पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया गया।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से बातचीत कर त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। बाजारों में धनतेरस और दीपावली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने, बाजारों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, थाना नवाबाद के प्रभारी निरीक्षक, थाना सदर बाजार के थानाध्यक्ष सहित पुलिस बल मौजूद रहा।झांसी पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान व्यापारियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि सभी लोग हर्षोल्लास के साथ धनतेरस एवं दीपावली का पर्व मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *