दीपावली पर उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को बड़ी सौगात, यूपी के 1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगी गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी

उत्तर प्रदेश: दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से ₹1,500 करोड़ की धनराशि से प्रदेश के 1.89 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को त्योहार पर आर्थिक राहत प्रदान करना और उनके घरों में खुशियों का उजाला फैलाना है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारंभ 1 मई 2016 को किया गया था। योजना के तहत पात्र महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मिट्टी के चूल्हे से निकलने वाले धुएं से मुक्ति दिलाना, स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना, महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीण परिवारों को धुएं से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाना है।

जनपद में जनप्रतिनिधियों ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

जनपद में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,18,254 लाभार्थी पंजीकृत हैं। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी के चेक एवं गैस सिलेंडर वितरित कर लाभान्वित किया।

दीपावली पर सिलेंडर मिलने से महिलाओं में खुशी

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन ने कहा कि दीपावली के अवसर पर गैस सिलेंडर की सुविधा मिलने से लाभार्थी महिलाएं बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि सरकार त्योहारों पर भी अपने लाभार्थियों का ध्यान रख रही है और हर घर में खुशियों का प्रकाश फैलाने का प्रयास कर रही है।

आधार से लिंक बैंक खाते में पहुंचेगी सब्सिडी

प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने योजना की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लाभार्थियों को पहले उपभोक्ता दर पर गैस सिलेंडर रिफिल प्राप्त करना होगा। इसके बाद निर्धारित सब्सिडी की धनराशि उनके आधार प्रमाणित बैंक खाते में स्थानांतरित की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक एवं प्रमाणित हैं, उन्हें सब्सिडी का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। जिन लाभार्थियों के खाते अभी तक आधार से लिंक नहीं हैं, वे तत्काल अपने बैंक और संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं।

उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि गैस एजेंसी पर जाकर आधार प्रमाणीकरण अवश्य करा लें, ताकि सब्सिडी की धनराशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

983.45 रुपये के सिलेंडर पर मिलेगी 335.40 रुपये केंद्र की सब्सिडी

जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री सौम्या अग्रवाल ने बताया कि जनपद के सभी 2,18,254 उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारक लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप एलपीजी रिफिल पर सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एक गैस सिलेंडर रिफिल का उपभोक्ता मूल्य 983.45 रुपये है। इसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार की ओर से 335.40 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी अनुमन्य है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार शेष 648.55 रुपये प्रति सिलेंडर की राशि की प्रतिपूर्ति कर रही है। इस प्रकार पात्र लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल की पूरी निर्धारित कीमत के बराबर सब्सिडी का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री सौम्या अग्रवाल, समस्त क्षेत्रीय खाद्य एवं पूर्ति निरीक्षक, ऑयल कंपनियों के एलपीजी वितरण नोडल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *