लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए अर्नब तूफान का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। मौसम में आए इस बदलाव के बाद मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
इससे पहले गुरुवार को लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बांदा और प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में ओलावृष्टि का खतरा
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में ओले गिर सकते हैं। इससे किसानों की फसलों और खुले में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
इन जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
आंधी-बारिश के दौरान बरतें सावधानी
मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। किसान भी फसलों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करें।
प्रदेश में मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए।
