झांसी में जनगणना-2027 की तैयारी शुरू, 1850 कार्मिकों को दिया जा रहा तीन दिवसीय प्रशिक्षण

झाँसी। जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जनगणना का कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले की समस्त तहसीलों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। प्रथम स्लॉट में 1850 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनपद स्तर पर नियुक्त 75 फील्ड ट्रेनर कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दे रहे हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड तथा जनगणना कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहीं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती पल्लवी मिश्रा के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पूरी तरह प्रशिक्षित करना और सर्वे के दौरान गलतियों की संभावना को न्यूनतम करना है।

घर-घर सर्वे की प्रक्रिया समझाई जा रही

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना की कार्यप्रणाली, घर-घर जाकर सर्वे करने की प्रक्रिया तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। कर्मचारियों को समझाया जा रहा है कि सर्वे के दौरान प्रत्येक प्रक्रिया का पालन किस प्रकार करना है और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस तरह सावधानीपूर्वक करना है।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कार्मिकों को जनगणना से जुड़ी बारीकियों से परिचित कराया जा रहा है, ताकि वास्तविक कार्य के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो और आंकड़ों का संकलन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जा सके।

प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश

तहसील सदर के सभागार में तहसीलदार श्री विवेक कुमार ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी कर्मचारी प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाली जानकारी को ध्यानपूर्वक समझें और नियमित रूप से सत्रों में शामिल होकर निर्धारित प्रशिक्षण पूरा करें।

सटीक जनगणना के लिए कर्मचारियों की भूमिका अहम

प्रशिक्षण के प्रारंभ में अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनगणना कार्य में प्रगणकों और सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई, ताकि जनगणना के दौरान त्रुटियों की गुंजाइश न रहे।

कार्यक्रम में जनगणना के लिए नियुक्त प्रगणक और सुपरवाइजर शामिल हुए। अधिकारियों का उद्देश्य है कि प्रशिक्षण के बाद सभी कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *