झांसी: डीएम गौरांग राठी ने विजयादशमी पर दी शुभकामनाएं, सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति का किया आह्वान

झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने विजयादशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य, न्याय, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन नैतिक, मानवीय और सामाजिक मूल्यों का आदर्श उदाहरण है। भगवान श्रीराम ने सत्य, मर्यादा, न्याय, शांति, परोपकार और लोक कल्याण को सदैव प्राथमिकता दी। उनका जीवन प्रत्येक व्यक्ति को सद्मार्ग पर चलने और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व पूरे देश में परंपरागत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की विजय स्थापित की थी। यह पर्व शक्ति उपासना का भी प्रतीक है। नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने के बाद विजयादशमी का उत्सव भक्तों में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करता है।

सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का लें संकल्प

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों से विशेष आग्रह किया कि इस विजयादशमी पर रावण दहन के साथ अपने भीतर मौजूद अहंकार, अन्याय, भेदभाव और नकारात्मकता को भी समाप्त करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि नशे की लत, पारिवारिक कलह, जातीय भेदभाव और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियां समाज की प्रगति में बाधक हैं। इन बुराइयों से मुक्ति पाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में अच्छे विचारों को अपनाने और बुराइयों को त्यागने का संदेश देने वाला पर्व भी है। यह अवसर हमें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आशा, उत्साह और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

अंत में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि पर्व के दौरान सभी लोग आवश्यक सावधानियां बरतें और शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ कार्यक्रमों में सहभागिता करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *