मुंबई। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आई है। राहत की बात यह है कि अभिनेता इस घटना में पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। हालांकि, फायरिंग की घटना में उनके ड्राइवर और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई। बताया गया है कि शाम करीब 7 बजे अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। इस दौरान उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
मुंबई पुलिस के डिप्टी कमिश्नर मोहित गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। घटना की जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फायरिंग के पीछे की वजह, आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल, अभिनेता टाइगर श्रॉफ को गोली लगने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

