झाँसी: मिलावटी जूस और खाद्य पदार्थों की बिक्री पर सख्ती, DM गौरांग राठी ने दिए जांच के निर्देश

झाँसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने, जूस सेंटरों की जांच करने और नकली दवाओं के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।

जूस सेंटरों और खाद्य प्रतिष्ठानों की होगी जांच

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि जनपद में कई जूस सेंटरों पर रंग मिलाकर असुरक्षित जूस बेचे जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाकर सभी जूस सेंटरों की जांच की जाए। उन्होंने कटे-फटे एवं सड़े-गले फल-सब्जियों तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। खुले में सड़े-गले फल बेचने वालों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने निर्देश दिए कि मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए पहले दुकानदारों, विशेषकर स्ट्रीट वेंडरों को जागरूक किया जाए। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

स्कूलों और सरकारी संस्थानों में खाद्य सुरक्षा पर जोर

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अनाथालयों, वृद्धाश्रमों, जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत आच्छादित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और कैंटीनों में नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी पका हुआ भोजन परोसा जाता है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित किया जाए।

उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर खाद्य सुरक्षा के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही खराब छवि वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई करने और जिन प्रतिष्ठानों के खाद्य नमूने असुरक्षित पाए गए हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

17 मेडिकल स्टोरों की जांच, 10 लाइसेंस निलंबित

जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक श्री राहुल को सरकारी अस्पतालों के आसपास संचालित मेडिकल स्टोरों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने नकली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित रूप से सघन निरीक्षण करने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में औषधि निरीक्षक ने बताया कि जनपद में 17 मेडिकल स्टोरों की जांच की गई तथा सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा 10 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। एक मेडिकल स्टोर में नकली दवा मिलने के मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

तीन महीने में 2,380 सैंपल टेस्ट, 28 हजार से अधिक लोग जागरूक

सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी श्री पवन कुमार ने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से 30 सितंबर तक कुल 2,380 सैंपल टेस्ट किए गए। इस अवधि में आमजन को जागरूक करने के लिए 77 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 28,318 लोगों को जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त 76 खाद्य कारोबारकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 1,982 कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मोबाइल फूड सेफ्टी लैब वैन के माध्यम से खाद्य सामग्री की जांच और जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। खाद्य तेलों की जांच भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।

दुकानों पर लगेंगे ग्राहक फीडबैक स्टीकर

बैठक में जानकारी दी गई कि जल्द ही दुकानों पर ग्राहक संतुष्टि फीडबैक स्टीकर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से ग्राहक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में अपना फीडबैक दे सकेंगे।

खाद्य सुरक्षा से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 18001805533 पर कॉल करने की जानकारी भी दी गई।

बैठक में ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, क्षेत्राधिकारी पुलिस श्री रामवीर सिंह, राज्य कर विभाग से श्री सचेत शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा, डीएसओ सुश्री सौम्या अग्रवाल, सीईओ मत्स्य दीपमाला सहित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजेंद्र अग्रवाल, बुंदेलखंड व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री संजय पटवारी और श्री दिलीप अग्रवाल ने भी अपने सुझाव रखे तथा प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *