झांसी, 12 अक्टूबर 2026। प्रदेश की जीडीपी में बुंदेलखंड के उद्योगों का महत्वपूर्ण योगदान है। औद्योगिक इकाइयों को पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने सोमवार को विकास भवन सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों और बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की विद्युत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें। निर्बाध बिजली मिलने से उद्योगों का उत्पादन बढ़ेगा और प्रदेश के राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित प्रमुख समस्याओं यानी पेनफुल पॉइंट की पहचान के लिए तत्काल सर्वे शुरू किया जाए, ताकि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो सके।
हर माह उद्योगपतियों से संवाद करेंगे जेई
बैठक में मुख्य अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने उपस्थित जेई और एसडीओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के उद्योगपतियों से प्रत्येक माह संवाद करें। इसका उद्देश्य उद्यमियों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनका समय से समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्य अभियंता ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि वे विद्युत आपूर्ति में आने वाली कमियों और समस्याओं से विभाग को अवगत कराएं। विभागीय अधिकारी उनका समयबद्ध निस्तारण करेंगे। उन्होंने संबंधित एई, एसडीओ और जेई से उद्यमियों की शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी ली।
ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग और ट्रांसफॉर्मर की समस्याएं उठीं
बैठक की शुरुआत में बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष धीरज खुल्लर ने मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य अभियंता का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों को पर्याप्त बिजली मिलने से उत्पादन में वृद्धि होगी और प्रदेश की जीडीपी को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को चिह्नित कर उनके निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही ओवरलोडिंग दूर करने के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाने, नई विद्युत लाइन बिछाने, क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मरों की समय से मरम्मत कराने तथा विद्युत लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कराने का सुझाव दिया। इससे आंधी-तूफान के दौरान विद्युत लाइनों को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
कोल्ड स्टोरेज संचालक ने बताई बिजली आपूर्ति की समस्या
बैठक में करीब 45 वर्षों से संचालित भगवंतपुरा स्थित कोल्ड स्टोरेज के मालिक पवन जैन ने विद्युत आपूर्ति में बाधा और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि उनका प्रतिष्ठान हर महीने विद्युत विभाग को लगभग 70 लाख रुपये का भुगतान करता है। यदि बिना बार-बार बिजली बाधित हुए सुचारु आपूर्ति मिले, तो उत्पादन और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के साथ विद्युत बिल के भुगतान में भी वृद्धि हो सकती है।
उन्होंने बिजली संबंधी शिकायतों के दौरान अधिकारियों के फोन रिसीव नहीं होने की समस्या भी उठाई और व्यवस्था में सुधार की मांग की।
90 स्टोन क्रेशर की विद्युत समस्याओं पर भी चर्चा
जनपद के करीब 90 स्टोन क्रेशर की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए राजीव मेहता ने बताया कि इन इकाइयों से प्रतिमाह लगभग एक करोड़ रुपये का राजस्व जमा कराया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइनों में सुधार होने से राजस्व में और वृद्धि हो सकती है।
उन्होंने खदान के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के नीचे आ जाने के कारण दुर्घटनाएं होने की बात उठाई और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लाइन की शिफ्टिंग कराने की आवश्यकता बताई।
इसके अतिरिक्त गोरा मछिया के नरेश कुमार अग्रवाल, अशोक आनंदानी तथा पीतांबरा बुक पब्लिशर्स और घड़ी डिटर्जेंट के प्रतिनिधियों ने भी विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं रखीं। उद्यमियों ने शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की।
उद्योगों की समस्याओं के समाधान पर जोर
बैठक का संचालन बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त सचिव अमित सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि जेई विद्युत विभाग और उद्यमियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नियमित संवाद से समस्याओं का जल्द समाधान होगा और उद्योगों को पर्याप्त बिजली मिल सकेगी।
बैठक में मुख्य अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अफरोज आलम, अधीक्षण अभियंता नगरीय पुष्कर सिंह, अधिशासी अभियंता नगर प्रथम विवेक कुमार, अधिशासी अभियंता नगरीय द्वितीय रवींद्र कुमार सहित बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पवन सरावगी, अतुल अग्रवाल किल्पन, अजय सिजरिया, अतुल दुबे, संजय गुप्ता तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

