17 हजार फीट की ऊंचाई पर इंडिगो फ्लाइट से टकराई आकाशीय बिजली, लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट बुधवार शाम खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली (लाइटनिंग स्ट्राइक) की चपेट में आ गई। घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से (नोज) को नुकसान पहुंचा। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और सतर्कता के चलते विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

17 हजार फीट की ऊंचाई पर हुआ लाइटनिंग स्ट्राइक

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की नियमित घरेलू उड़ान 6E-925 ने बुधवार दोपहर करीब 3:10 बजे पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान को शाम करीब 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था।

लखनऊ के एयरस्पेस के आसपास पहुंचने के दौरान विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इसी दौरान खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली विमान से टकरा गई। लाइटनिंग स्ट्राइक के कारण विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा।

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद विमान में कुछ समय के लिए यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल सावधानी बरती और विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ की ओर मोड़ते हुए एयरपोर्ट पर लैंड कराया।

विमान ने करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लाइटनिंग स्ट्राइक से विमान को कितना नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *