वृंदावन में दर्दनाक हादसा: गुरुकुल के टैंक में जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत, एक गंभीर

मथुरा। वृंदावन में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में गुरुकुल संस्कृत विद्यालय में पढ़ने वाले चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा गुरुकुल परिसर में बने करीब 18 फीट गहरे टैंक की सफाई के दौरान हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण छात्रों की जान गई।

बताया जा रहा है कि गुरुकुल परिसर स्थित टैंक से अचानक बदबू आने की सूचना मिली थी। इसके बाद सबसे पहले एक छात्र को टैंक के अंदर उतारा गया, लेकिन वह वापस नहीं आया। इसके बाद चार अन्य छात्रों को उसे देखने के लिए टैंक में भेजा गया। कुछ देर बाद जब कोई भी छात्र बाहर नहीं आया तो परिसर में मौजूद लोगों ने उन्हें टैंक से बाहर निकाला।

हादसे में मोनू कटारे (20), देवांश (17), विशु (18) और आर्य (18) की मौत हो गई। वहीं रुद्राक्ष नामक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि गुरुकुलम संस्था के परिसर में बने वॉटर टैंक से बदबू आने के बाद पहले एक छात्र को अंदर भेजा गया था। उसके वापस नहीं आने पर चार अन्य छात्रों को टैंक में उतारा गया, जिनमें चार की मौत हो गई और एक छात्र गंभीर रूप से घायल है।

एसएसपी ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *