नोएडा। नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम सेक्टर-150 के पास एक प्राइवेट स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, निजी स्लीपर बस राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बिहार जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 32 लोग सवार थे। बस में अचानक आग लगने के बाद यात्रियों ने आनन-फानन में बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया। कई यात्री अपना सामान बस में ही छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हादसा कैसे हुआ और बस में आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों के समय रहते बस से बाहर निकल जाने से बड़ा जनहानि का हादसा टल गया।

