उत्तर प्रदेश में बदला मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि; तापमान में गिरावट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अक्टूबर के पहले सप्ताह में मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार को तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में सुबह से ही बादल सक्रिय नजर आए। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो शाम तक कई इलाकों में बारिश में बदल गई।

अयोध्या, बाराबंकी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आजमगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। अयोध्या और प्रतापगढ़ में हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। प्रतापगढ़ में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी सूचना मिली।

बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक महसूस होने लगी। अचानक बदले मौसम से लोगों को अक्टूबर की गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम का यह बदलाव पूरे सप्ताह बना रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *