झांसी। तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जनसामान्य की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से अवैध कब्जों तथा हदबंदी के बाद दोबारा पत्थर गड्डी उखाड़कर कब्जा करने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस और आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर शीर्षतम स्तर तक जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
पत्थर गड्डी उखाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन मामलों में हदबंदी के बाद पत्थर गड्डी की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है और राजस्व टीम द्वारा पुनः जांच भी की जा चुकी है, इसके बावजूद बार-बार पत्थर उखाड़कर कब्जा करने की शिकायतें मिल रही हैं, ऐसे सभी प्रकरणों को राजस्व ग्रामवार सूचीबद्ध किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि किसी व्यक्ति द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर भी कब्जा किया गया है और आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, तो नियमानुसार उसे भू-माफिया के रूप में चिन्हित करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
प्रदेश में छठी रैंकिंग मिलने पर अधिकारियों को बधाई
जिलाधिकारी ने जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग में सुधार करते हुए प्रदेश स्तर पर छठी रैंकिंग प्राप्त होने पर अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। जिन शिकायतों में असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हुआ है, उनमें शिकायतकर्ता को बुलाकर उसकी समस्या को गंभीरता से समझा जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि यदि शिकायत का निस्तारण नियमानुसार एवं सही तरीके से किया गया है, फिर भी शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है, तो उसे वस्तुस्थिति से भली-भांति अवगत कराया जाए। साथ ही सभी लंबित शिकायतों का भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस की मूल भावना जनसामान्य की शिकायतों का सही और समयबद्ध समाधान करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को इसी भावना के अनुरूप शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग न करने वाले अधिकारियों की सूची तैयार कर उनका स्पष्टीकरण प्राप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने चखा हलुआ और नमकीन दलिया
सम्पूर्ण समाधान दिवस से पूर्व जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में आईसीडीएस विभाग की ओर से लगाई गई स्टालों का निरीक्षण किया। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की स्टाल पर उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2023 के अनुरूप नवीन रेसिपी से तैयार किए गए पोषणयुक्त व्यंजनों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने मौके पर हलुआ और नमकीन दलिया चखकर उनके स्वाद एवं गुणवत्ता को भी परखा तथा पोषणयुक्त व्यंजनों के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी, डीडीओ श्री राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

