कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण हादसा, स्कूल बस और डंपर की भिड़ंत में शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौत, कई घायल

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरबसपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर और स्कूल बस की जोरदार भिड़ंत में एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, मूसानगर घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल की बस स्कूल स्टाफ को लेकर जा रही थी। इसी दौरान हरबसपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में स्कूल की शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिधनू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया।
हादसे के बाद मृतका के परिजनों और स्कूल परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और हादसे में शामिल वाहनों तथा उनके चालकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *