रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में गुरुवार को समुद्र तट पर पिकनिक मनाने गए छात्रों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सभी मृत छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के थे और पुणे जिले के आलंदी स्थित निजी कोचिंग संस्थान ‘विनर्स एकेडमी’ के एक समूह के साथ पिकनिक पर गए थे।
बताया गया कि कुल 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक दिघी तटीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले समुद्र तट पर पहुंचे थे। इसी दौरान आठ छात्र समुद्र में चले गए। पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण वे बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और खोज एवं बचाव दल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और छात्रों की तलाश शुरू की। बचाव अभियान के दौरान सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए।
हादसे के बाद मृत छात्रों के परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस ने घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

