लखनऊ। नाका थाना क्षेत्र में गुरुवार को घरेलू विवाद के दौरान एक नाबालिग बेटे द्वारा अपनी मां की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी बेटा शव के पास ही बैठा मिला, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 202 में 42 वर्षीय महिला का अपने 17 वर्षीय नाबालिग बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में बेटे ने मां के सिर पर धारदार भारी औजार से कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के पहुंचने पर आरोपी नाबालिग बेटा घटनास्थल पर ही मौजूद मिला, जिसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। घटना में इस्तेमाल किए गए औजार को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

