कानपुर। 01 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:25 बजे मिनी कंट्रोल को सूचना मिली कि दादा नगर स्थित 115-B, ग्लोबल इंडस्ट्रीज, थाना गोविंद नगर क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
एफएस फजलगंज से दो वाटर बाउजर (0570 व 6198) और एक फोम टेंडर (0564) प्रभारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग केमिकल एवं प्लास्टिक से संबंधित फैक्ट्री में लगी थी। फायर कर्मियों ने तत्काल पंपिंग शुरू कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएस किदवई नगर से फायर टेंडर 0237 तथा एफएस पनकी से फायर टेंडर 2463 भी प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, एफएस पनकी के साथ मौके पर पहुंचे।
सभी फायर यूनिटों ने समन्वय के साथ लगातार पंपिंग करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कानपुर नगर के निर्देशन में फायर कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों तथा संपत्ति के नुकसान का आकलन संबंधित स्तर पर किया जा रहा है।

