झांसी में पेयजल योजनाओं की समीक्षा, डीएम गौरांग राठी ने 10 दिन में जलापूर्ति सुधारने के दिए निर्देश

झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के गुरसरायं, मऊरानीपुर, मोंठ और बामौर विकासखंडों में संचालित पेयजल योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण (O&M) की समीक्षा की। बैठक में जल जीवन मिशन (हर घर जल) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की ग्रामवार स्थिति की जानकारी ली गई।

समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था बीजीसीसी प्राइवेट लिमिटेड (ब्रजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी) द्वारा निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजनाओं में जलापूर्ति की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए 10 दिनों के भीतर जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार कर शत-प्रतिशत घरों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिलाधिकारी ने विकासखंड गुरसरायं के ग्राम दुगारा, कोटरा, ढिपकई, भगवंतपुरा, पसौरा, दुर्गापुर तथा बामौर के झबरा, डुंडी, नागरा सहित अन्य गांवों के ग्राम विकास अधिकारियों, पंचायत सचिवों और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। ग्रामीणों एवं अधिकारियों से जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी लेने पर कई स्थानों पर व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में जलापूर्ति बाधित है, वहां पाइपलाइन के माध्यम से जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल की जाए और 10 दिनों के भीतर व्यवस्था को संतोषजनक बनाया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित हो चुकी है, वहां सरकारी विभागों, सीएचसी/पीएचसी, आंगनवाड़ी केंद्रों, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा अन्य सरकारी कार्यालयों में भी जल संयोजन उपलब्ध कराकर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण में प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम एम.के. सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय मुकेश पाल, डीपीआरओ डॉ. बाल गोविंद श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *