कानपुर में स्कूल वाहन चालकों का होगा चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण, छात्राओं वाली बसों में महिला परिचालक अनिवार्य

कानपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद में संचालित स्कूल वाहनों की नियमित जांच के साथ-साथ वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता और स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि कानपुर जनपद के 313 विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए 1,097 वाहन संचालित हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी वाहनों की नियमित निगरानी और निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

छात्राओं वाली बसों में महिला परिचालक अनिवार्य

जिलाधिकारी ने उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऐसी बसों एवं वाहनों में महिला परिचालक की अनिवार्यता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, जिनमें महिलाएं, छात्राएं अथवा बालिकाएं यात्रा करती हैं। इसका उद्देश्य छात्राओं एवं बालिकाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और उनके लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है।

टेंपो और ई-रिक्शा से आने वाले बच्चों की भी होगी निगरानी

बैठक में स्पष्ट किया गया कि बच्चों की सुरक्षा की निगरानी केवल विद्यालयों से संबद्ध बसों और वाहनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। टेंपो, ई-रिक्शा तथा अन्य निजी वाहनों से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्कूल परिवहन व्यवस्था में सुरक्षा मानकों की अनदेखी न हो और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हर घातक सड़क दुर्घटना का होगा डेथ ऑडिट

जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रत्येक ऐसी सड़क दुर्घटना, जिसमें किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है, उसका डेथ ऑडिट कराने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से दुर्घटना के कारणों, सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और अन्य संबंधित पहलुओं का परीक्षण कर भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन व्यवस्था की नियमित जांच, चालकों के सत्यापन और सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *