कानपुर में दर्दनाक हादसा: बालाजी अपार्टमेंट में करंट की चपेट में आए तीन मजदूर, दो की मौत

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम स्थित बालाजी अपार्टमेंट में शनिवार को काम करने आए तीन मजदूर अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों मजदूर किसी काम के सिलसिले में बालाजी अपार्टमेंट पहुंचे थे। काम के दौरान अचानक विद्युत लाइन से हाईवोल्टेज करंट उतर आया, जिसकी चपेट में तीनों मजदूर आ गए। करंट लगते ही तीनों बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में तीनों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, दो मजदूरों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि मृतकों में छोटू भी शामिल है। छोटू की पत्नी भी वहीं काम करती थी। जानकारी के मुताबिक, छोटू ही अपने चाचा मिथलेश और साथी रिजवान को काम करने के लिए अपने साथ लेकर आया था। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

फ्लैट को लेकर भी सामने आ रही जानकारी

मीडिया में सामने आ रही खबरों के अनुसार, जिस फ्लैट में मजदूर काम करने पहुंचे थे, वह किसी स्कूल संचालिका का बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मजदूरों के करंट की चपेट में आने की वास्तविक वजह क्या थी और विद्युत सुरक्षा से जुड़े इंतजामों में किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *