झांसी में डीएम गौरांग राठी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश

झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने तहसील सदर मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा, अभिलेखों के संधारण और निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास रजिस्टर, ईवीएम लॉग-बुक सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और पारदर्शिता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी मॉनीटरिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने 24 घंटे निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कैमरों की नियमित मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वेयरहाउस के आसपास सफाई व्यवस्था के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर एवं वेयरहाउस के आसपास की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। बारिश के कारण उगी घास-फूस और झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील परिसर में स्थित पार्क को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाए जाने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा एवं निर्वाचन सामग्री से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री योगीन्द्र कुमार, प्रधान सहायक जिला निर्वाचन कार्यालय श्री आर.के. पाल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष श्री गिरजा शंकर राय, झांसी महानगर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष श्री अभिषेक जैन, अपना दल (एस) के जिला उपाध्यक्ष श्री देवेन्द्र पटेल, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री बी.डी. फुले, आप पार्टी के श्री पुत्तू सिंह कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *