UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में फिर बदला मौसम, 25-26 सितंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में 25 और 26 सितंबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन दो दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 27 सितंबर को भी कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर को अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, चित्रकूट, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
कानपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना
कानपुर में 25 सितंबर को भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 26 सितंबर को भी कानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
पूर्वांचल में ज्यादा असर
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। IMD ने 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 27 सितंबर को भी भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 28 सितंबर से प्रदेश के दोनों मौसम उपखंडों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है। आकाशीय बिजली के समय पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न हों। तेज हवाओं के दौरान घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
मौसम में तेजी से बदलाव को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट और प्रशासन की ओर से जारी advisories पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *