झांसी में नगर निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा, 15 दिन में अधूरे कार्य शुरू कराने के निर्देश

झांसी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में नगर निकायों से संबंधित विकास कार्यों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वें वित्त आयोग के टाइड एवं अनटाइड ग्रांट के अंतर्गत शासन से अवमुक्त धनराशि से कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद समथर एवं बरुआसागर में कुछ विकास कार्य अभी तक शुरू नहीं किए जाने पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों का अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें प्रत्येक दशा में 15 दिनों के अंदर शुरू कराया जाए।

बैठक में सभी नगरीय निकायों में टैक्सी स्टैंड एवं पड़ाव स्थल बनाए जाने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नगर पंचायत रानीपुर एवं कटेरा में पड़ाव स्थल संचालित नहीं होने पर संबंधित अधिशासी अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पड़ाव स्थल संचालित कराने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निकाय क्षेत्रों में नाले-नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सफाई कार्य पूर्ण कर उसका प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में वंदन योजना, पं. दीनदयाल नगर विकास योजना सहित अन्य शासन की योजनाओं के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा एमआरएफ सेंटर के संचालन की स्थिति पर भी चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी सख्त निर्देश

आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि संबंधित अधिशासी अधिकारी शिकायतों का स्वयं संज्ञान लेकर उनका परीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद पोर्टल पर केवल संबंधित अधिकारी की हस्ताक्षरित आख्या ही अपलोड कराई जाए। किसी भी परिस्थिति में लिपिक के माध्यम से आख्या प्रेषित न की जाए। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर गंभीरता से कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और नगरीय विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे कराते हुए योजनाओं का लाभ जनसामान्य तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में नगर पालिका परिषद समथर के चेयरमैन, नगर पंचायत टोड़ी फतेहपुर, कटेरा एवं बड़ागांव के अध्यक्षगण के साथ प्रभारी अधिशासी अधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *