झाँसी: SSP विकास कुमार ने शुक्रवार परेड का निरीक्षण किया, पुलिस शाखाओं में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

झाँसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री विकास कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन झाँसी में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की। परेड के बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार सहित पुलिस की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान SSP ने क्वार्टर गार्ड एवं शस्त्रागार में रखे शस्त्रों, कारतूसों, अभिलेखों तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों एवं सरकारी अभिलेखों के समुचित रख-रखाव तथा रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही परिवहन शाखा, रेडियो शाखा और यूपी-112 सहित अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यालयों के अभिलेखों, उपकरणों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सरकारी संपत्ति के संरक्षण, अनुशासन बनाए रखने तथा कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, बेहतर पुलिस रिस्पॉन्स, जनसुरक्षा और जनसेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से संवेदनशीलता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *