स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात महोबा जा रही एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से एक महिला समेत 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद मौके से फरार हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। बस का पंजीकरण नंबर BR32PA8647 बताया गया है। जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेवर टोल प्लाजा पर तैनात दमकल वाहन के साथ चार अन्य दमकल वाहनों को भी आग बुझाने के लिए लगाया गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, आग बुझाने के बाद जब पुलिस और अग्निशमन कर्मी धुएं के बीच बस के अंदर पहुंचे तो वहां 9 लोगों के शव मिले। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई गई कि यात्रियों की मौत जलने या दम घुटने के कारण हुई।

प्रारंभिक जांच में बस की एयर-कंडीशनिंग प्रणाली में चिंगारी या धमाके के कारण इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की आशंका सामने आई है। इसके बाद आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों की जांच जारी है।

हादसे के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और हादसे के समय बस में कितने यात्री सवार थे।

पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *