झांसी। ग्यारहवें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में झांसी नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी झांसी डॉ. जगजीवन राम के निर्देशन में आयोजित शिविर में 325 मरीजों का निःशुल्क चिकित्सा परीक्षण एवं उपचार किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सिद्धेश्वर मंदिर के महंत धर्माचार्य श्री हरिओम पाठक ने भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके बाद शिविर में अनुभवी चिकित्सकों डॉ. महेन्द्र कुमार, डॉ. मधुबाला, डॉ. अमित कुमार पुरोहित एवं डॉ. गरिमा सचान ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया। मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया गया।
शिविर के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने दिनचर्या, ऋतुचर्या और जीवनचर्या को व्यवस्थित रखने के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन श्री अभिषेक मिश्रा ने किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबन्धक श्री विशवत निरंजन एवं कनिष्ठ सहायक श्री सुनील कुमार वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अमित कुमार पुरोहित ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

