कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव स्थित ओउम जेवीआरडी टायर फैक्ट्री में सोमवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री परिसर में बने फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 6 बजे माती फायर स्टेशन को टायर फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के नेतृत्व में तीन दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना किया गया।
दमकल टीम जब फैक्ट्री पहुंची तो परिसर में बने दो फ्यूल टैंकों में से एक आग की लपटों से घिरा हुआ था। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान फ्यूल टैंक में तेज धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दूसरे फ्यूल टैंक को बचाने के लिए शुरू की कूलिंग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल दूसरे फ्यूल टैंक को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए उसकी कूलिंग शुरू कर दी। आग बुझाने के लिए पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया गया। लगातार पानी और फोम की बौछार करते हुए आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने का प्रयास किया गया।
करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे दो मजदूरों की जान जा चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आग लगने की वजह की जांच जारी
फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं। फ्यूल टैंक, फैक्ट्री की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के समय वहां मौजूद परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। मृत मजदूरों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

