झांसी में जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा, 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

झांसी। जिलाधिकारी झांसी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। जनगणना का कार्य मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा स्वगणना की प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।

16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना

बैठक में बताया गया कि स्वगणना का कार्य 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक कराया जाएगा। इसके बाद 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की जाएगी। इस जनगणना में बेघर व्यक्तियों की भी गणना की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल प्रक्रिया को त्रुटिरहित एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी तकनीकी प्रक्रिया के प्रति पूरी तरह सजग रहें और निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी कराना सुनिश्चित करें।

850 अतिरिक्त जनगणना कर्मियों की होगी जरूरत

अधिकारियों को जानकारी दी गई कि प्रथम चरण की तुलना में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के लिए 850 अतिरिक्त जनगणना कार्मिकों की आवश्यकता होगी।

जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण निर्धारित समय पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी की जाए, जिससे जनगणना का कार्य सुचारू एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके।

अक्टूबर में होगा प्रशिक्षण

बैठक में बताया गया कि प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण अक्टूबर 2026 में कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक का संचालन एवं समन्वय अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी, झांसी द्वारा किया गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षित जनपद के मास्टर ट्रेनर सौरभ श्रीवास्तव, प्रवक्ता कम्प्यूटर, राजकीय पॉलीटेक्निक झांसी; अंकुर त्रिपाठी, प्रवक्ता यांत्रिकी, राजकीय पॉलीटेक्निक झांसी तथा ऋषीमुनी प्रताप सिंह, प्रवक्ता इलेक्ट्रिकल, राजकीय पॉलीटेक्निक झांसी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *