झांसी में वायु प्रदूषण पर डीएम गौरांग राठी सख्त, प्रमुख चौराहों पर लगेंगे एयर स्प्रिंकलर

झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में सोमवार को ज़ूम ऐप के माध्यम से राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम के अंतर्गत सिटी लेवल इम्प्लीमेंटेशन कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद एवं नगर की वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने शहर में वायु गुणवत्ता की लगातार मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पीएम-10 और पीएम-2.5 के स्तर को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।

प्रमुख चौराहों पर लगाए जाएंगे एयर स्प्रिंकलर

डीएम गौरांग राठी ने पीएम-10 को नियंत्रित करने के लिए सड़कों की स्थिति में सुधार, धूल के कणों को कम करने तथा एयर स्प्रिंकलर के उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के व्यस्ततम चौराहों को चिह्नित कर वहां एयर स्प्रिंकलर लगाने को कहा, ताकि चौराहों पर रुकने वाले लोगों को वायु प्रदूषण से राहत मिल सके।

इसके साथ ही नगर निगम को मोबाइल एयर स्प्रिंकलर खरीदने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी सड़कों के पक्कीकरण और फुटपाथ निर्माण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

डेमोलिशन वेस्ट के लिए बनेगा उचित निस्तारण तंत्र

जिलाधिकारी ने भवनों के निर्माण एवं ध्वस्तीकरण से निकलने वाले कचरे के उचित निस्तारण के लिए प्रॉपर डिस्पोजल मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय निकायों को डेमोलिशन वेस्ट के लिए उचित निस्तारण स्थल चिह्नित करने और इसकी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

उन्होंने निर्माण स्थलों पर वायु प्रदूषण को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने तथा सड़कों पर पड़े कंस्ट्रक्शन मटीरियल को तत्काल हटाने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।

वाहनों और फैक्ट्रियों के प्रदूषण पर भी नियंत्रण के निर्देश

डीएम ने पीएम-2.5 को कम करने के लिए वाहनों और फैक्ट्रियों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि प्रदूषण नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को अतिरिक्त मैनपावर की आवश्यकता है तो उसे बढ़ाया जाए। साथ ही जाम की समस्या को कम करने के लिए सड़कों के सुधार एवं आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पिछले वर्षों की तुलना में पीएम-2.5 के स्तर में हुए सुधार के कारणों का विश्लेषण करने और सफल उपायों को शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने पर जोर दिया।

50 स्टोन क्रशर में से 25 पर लगी स्मॉग गन

बैठक में डीएम गौरांग राठी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम के तहत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली।

क्षेत्रीय अधिकारी यूपीपीसीबी श्री इमरान अली ने बताया कि एलाइट चौराहा और वीरांगना नगर के अलावा कार्यालय में वायु प्रदूषण मापक यंत्र स्थापित हैं, जिनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 50 स्टोन क्रशर संचालित हैं, जिनमें 25 स्टोन क्रशर पर स्मॉग गन लगाई जा चुकी हैं। शेष स्टोन क्रशरों पर भी जल्द स्मॉग गन लगाए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त श्री ए. सूदन, डीएफओ श्री विकास यादव, अपर नगर आयुक्त श्री राहुल कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *