झांसी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से झांसी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत रविवार, 20 सितंबर 2026 को थाना मोंठ क्षेत्र में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी मोंठ श्री सुनील कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय नगर पंचायत मोंठ में किया गया। इस दौरान चौपाल लगाकर पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुना। महिलाओं को महिला संबंधी अपराधों से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न की स्थिति में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया और पुलिस सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं एवं शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अन्य समस्या होने पर बिना भय और संकोच के तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी मोंठ श्री सुनील कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मोंठ श्री धर्मेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक श्री अशोक कुमार, उपनिरीक्षक बलवान सिंह तथा महिला आरक्षी सुभाषिनी, मधुबाला और रीना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

