झांसी: मऊरानीपुर जलविहार महोत्सव में 500 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था

झांसी। मऊरानीपुर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले पारंपरिक जलविहार महोत्सव को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन 22 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगा। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी श्री विकास कुमार ने मऊरानीपुर पहुंचकर मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेला स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान मेला पदाधिकारियों, नगरपालिका प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर महोत्सव के दौरान की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

महोत्सव में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सघन निगरानी की व्यवस्था की गई है। मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि महिला पुलिस की विशेष टुकड़ियों की भी तैनाती की जा रही है।

500 से अधिक पुलिस बल रहेगा तैनात

जलविहार महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए 500 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मेला परिसर और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा एवं निगरानी की विशेष व्यवस्था रहेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। पुलिस-प्रशासन का उद्देश्य महोत्सव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *