झांसी- हथौड़ा मारकर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने परखी निर्माण की गुणवत्ता, कमियां मिलने पर दिए सुधार के निर्देश

झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने विकासखंड बामौर के ग्राम डुमरई में समग्र शिक्षा के अंतर्गत निर्माणाधीन राजकीय हाईस्कूल भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ-साथ भवन में इस्तेमाल हो रही निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को मौके पर बारीकी से परखा।

परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर ने जिलाधिकारी को बताया कि राजकीय हाईस्कूल भवन के निर्माण की स्वीकृत लागत ₹132.77 लाख है और इसे 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण किया जाना है। वर्तमान में निर्माण कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। भवन में कक्षा-कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, आर्ट क्राफ्ट कक्ष, प्रधानाचार्य कक्ष, कार्यालय, कंप्यूटर लैब और टॉयलेट ब्लॉक आदि का निर्माण कराया जा रहा है।

हथौड़े से जांची दीवार की गुणवत्ता

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्वयं हथौड़े से भवन की दीवारों की गुणवत्ता का परीक्षण किया। एक कक्षा-कक्ष की दीवार के कुछ हिस्से की गुणवत्ता प्रथमदृष्टया संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा एक बीम से सरिया निकला होने तथा भवन के ऊपरी हिस्से की कास्टिंग में कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कक्षा-कक्षों में लगी खिड़कियों और जालियों की भी जांच की। जाली की मोटाई डीपीआर के अनुरूप पाई गई, लेकिन उसकी फिक्सिंग और वेल्डिंग की फिनिशिंग संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्य को बेहतर ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

मानकविहीन ईंटों के प्रयोग पर जताई नाराजगी

टॉयलेट ब्लॉक के निरीक्षण के दौरान कुछ ईंटों की गुणवत्ता प्रथमदृष्टया मानक के अनुरूप नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में किसी भी स्थिति में मानकविहीन सामग्री का प्रयोग न किया जाए।

भवन के एक कक्ष की दीवार में नमी पाए जाने पर उन्होंने भवन को नमी से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी उपाय करने तथा छत पर ब्रिक कोबा के माध्यम से वॉटरप्रूफिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

ग्राम निधि से होगी तार फेंसिंग

विद्यालय भवन और परिसर की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने चहारदीवारी के संबंध में जानकारी ली। प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि स्वीकृत परियोजना में चहारदीवारी का प्रावधान नहीं है। जिलाधिकारी ने विद्यालय की भूमि की सुरक्षा को आवश्यक बताते हुए निर्धारित प्रावधानों के अंतर्गत ग्राम निधि से नियमानुसार तार फेंसिंग कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मिली सभी कमियों को तत्काल दूर कराते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की निरंतर निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी श्री सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा, यूपी सिडको के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री रजनीश कुमार श्रीवास्तव, सहायक अभियंता श्री सौरभ पिपरैया सहित स्थानीय ग्रामीण और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *