कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास, अंबेडकर पुरम स्थित मैक्स शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार शाम आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही कानपुर नगर अग्निशमन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर आठ अग्निशमन वाहनों को भेजा। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को शाम 7:33 बजे मिनी कंट्रोल रूम फजलगंज को थाना कल्याणपुर क्षेत्र के 1/110 आवास विकास अंबेडकर पुरम स्थित मैक्स शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फजलगंज अग्निशमन केंद्र से दो यूनिट प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के साथ घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कानपुर नगर भी स्वयं मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही पनकी, किदवई नगर, मीरपुर कैंट, कर्नलगंज, जाजमऊ और फजलगंज से अतिरिक्त अग्निशमन वाहन तथा रेस्क्यू वैन और एमडीटीआरवी को भी घटनास्थल भेजा गया। इस तरह कुल आठ अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि भवन बी+जी+03 तल तक निर्मित था। इसके बेसमेंट में जेटो ग्रोसरीज का स्टोर, भूतल प्रथम एवं द्वितीय तल पर मैक्स शॉपिंग मॉल तथा तृतीय तल पर सन बर्ड होटल संचालित था। बेसमेंट स्थित जेटो ग्रोसरीज के स्टोर में आग लगी थी, जिसके कारण पूरे भवन में भीषण और जहरीला धुआं भर गया था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर सर्विस यूनिटों ने तत्काल फायर टेंडरों से पंपिंग कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इसी दौरान भवन की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को फायर सर्विस कर्मियों ने बीए सेट (Breathing Apparatus Set) पहनकर सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मैक्स शॉपिंग मॉल के प्रथम एवं द्वितीय तल से लगभग 15 लोगों तथा भवन की तृतीय मंजिल पर संचालित सन बर्ड होटल से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस प्रकार कुल 24 लोगों की जान बचाई गई।
दमकल की टीमों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को चारों तरफ से घेरा और उसे भवन की अन्य मंजिलों तक फैलने से रोकते हुए पूरी तरह बुझा दिया।
अग्निशमन एवं आपात सेवा, जनपद कानपुर नगर की आठ अग्निशमन यूनिटों ने अत्यधिक तापमान और जहरीले धुएं के बीच दो घंटे से अधिक समय तक लगातार अभियान चलाया। विभाग के अनुसार इस कार्रवाई से आसपास स्थित अन्य व्यावसायिक भवनों को भी सुरक्षित बचाया जा सका।
अग्निशमन विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई के चलते इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का विस्तृत आकलन संबंधित स्तर पर किया जाना है।

