दिल्ली के स्वरूप नगर में गोदाम में भीषण आग, छह लोग धुएं की चपेट में

नई दिल्ली। दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक गोदाम/फैक्ट्री में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गली नंबर-2 स्थित करीब 200 वर्ग गज क्षेत्र में बनी इमारत के बेसमेंट और पहली मंजिल में आग भड़क उठी। आग से उठता घना धुआं आसपास की इमारतों तक पहुंच गया, जिसके चलते लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, इमारत के बेसमेंट और पहली मंजिल में फैक्ट्री का संचालन हो रहा था। यहां रेक्सिन की कतरन और सूती बुनाई से संबंधित सामान रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही। इमारत में बेसमेंट के अलावा पहली और दूसरी मंजिल पर टिन की शेड भी बनी हुई थी।

आग के दौरान पास के एक घर में रहने वाले छह लोग धुएं की चपेट में आ गए। धुआं अधिक होने के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। इसके बाद पांच लोगों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल और एक व्यक्ति को बुराड़ी स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया गया है कि अस्पताल में उपचार के बाद सभी घायल खतरे से बाहर हैं। आग की घटना से इलाके में कुछ समय के लिए भय का माहौल बना रहा। हादसे में आग लगने के कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की स्थिति को लेकर संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *