झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने सर्किट हाउस सभागार में सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा सहित जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नगर की ट्रैफिक व्यवस्था, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, सुरक्षित सड़कों और विद्युत व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सांसद श्री अनुराग शर्मा ने कहा कि नगर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था, प्रत्येक नगरवासी को पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति तथा सुरक्षित सड़कें उपलब्ध कराना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समय से समाधान किया जाए और उन्हें की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने शासन के निर्देशों के क्रम में कोर कमेटी के संचालन की जानकारी दी। उन्होंने पूर्व में हुई बैठकों में लिए गए निर्णयों पर अब तक की गई कार्रवाई की बिंदुवार जानकारी जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत की।
शहर में अतिक्रमण और जाम की समस्या पर चर्चा
सांसद श्री अनुराग शर्मा ने जेल चौराहा से एलाइट, जीवनशाह और बीकेडी चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर ठेलों के कारण उत्पन्न हो रही यातायात समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज रोड तथा लक्ष्मीबाई पार्क के पास किला चौकी क्षेत्र में भी अतिक्रमण और जाम की स्थिति को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक स्थानों पर ब्रेकर बनाए जाने का सुझाव भी दिया।
उन्होंने आगामी त्योहारों को देखते हुए गणेश पंडालों के आसपास पर्याप्त साफ-सफाई और पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
रबी सीजन से पहले खाद की व्यवस्था के निर्देश
सांसद ने आगामी रबी सीजन को देखते हुए किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने समितियों के माध्यम से किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने लेखपालों और ग्राम विकास अधिकारियों को नियमित रूप से गांवों में पहुंचने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि प्रमाण पत्र बनवाने सहित भूमि पैमाइश से संबंधित मामलों में अनावश्यक देरी न हो।
बिजली व्यवस्था और छूटे हुए घरों को कनेक्शन देने की समीक्षा
कोर कमेटी की बैठक में जनपद की विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सांसद ने एलओएचएच योजना के तहत विद्युत संयोजन से छूटे हुए मजरे और घरों के लिए संचालित योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र उपभोक्ता आवेदन कर विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर सकें।
मेडिकल कॉलेज तिराहे और शिवानी चौराहे पर निर्माणाधीन सेतु के संबंध में भी जानकारी ली गई। परियोजना निदेशक ने बताया कि दोनों सेतु निर्माण कार्य अक्टूबर माह तक पूर्ण होने की संभावना है।
नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग
विधायक सदर श्री रवि शर्मा ने आगामी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने गणेश प्रतिमाओं के जुलूस के दौरान डीजे आदि पर अनावश्यक रोक न लगाने का सुझाव दिया।
उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों और महाविद्यालयों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किसी भी दशा में नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं देने वाले कर्मियों के समायोजन की प्रक्रिया में किसी भी पात्र व्यक्ति के छूटने न देने की बात कही। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त की गई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
खराब ट्रांसफार्मरों और जलापूर्ति का मुद्दा उठा
विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा ने क्षेत्र में लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मरों के कारण प्रभावित विद्युत आपूर्ति का मुद्दा उठाया। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मरम्मत के बाद ट्रांसफार्मर दोबारा जल्द खराब हो जाते हैं।
उन्होंने हर घर नल जल योजना के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को शीघ्र ठीक कराने तथा प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक गरौठा श्री जवाहरलाल राजपूत ने अतिवर्षा से प्रभावित फसलों का जल्द सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाने का सुझाव दिया। उन्होंने रबी सीजन से पहले समितियों के माध्यम से खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह ने सामूहिक विवाह कार्यक्रमों से संबंधित शिकायतों पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने तथा जिला अस्पताल में प्राइवेट लोगों द्वारा दवा लिखे जाने के मामलों में कठोर कार्रवाई का सुझाव दिया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, मेयर श्री बिहारीलाल आर्य, विधायक सदर श्री रवि शर्मा, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत, विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्या, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह एवं जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राणा, जेडीए उपाध्यक्ष श्री हिमांशु गौतम, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एडीएम नमामि गंगे योगेश कुमार, झांसी विकास प्राधिकरण सचिव गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता सहित जल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
